कितने साल गुजर गये हमें मिले हुए ? जून में पूरे 29 साल !! और आज तक ? 29 साल 6 महीने ! तुम्हारे घर के मेहमान खाने में बैठा सोच रहा था, यही बोलूंगा ! पर कुछ बोल ही नहीं पाया ! नज़र तुम पर टिक गयी और जुबां ने साथ ही छोड़ दिया !
अजीब माज़रा है! यकीन मानिये , जो लोग मुझे जानते है उन्होंने मुझे खामोश नहीं देखा होगा ! खैर...
एक कप चाय में हुई ये मुलाक़ात बहुत कुछ पीछे छोड़ गई ! जो लोगों से मिलते थे , आज खुद मिल रहे थे ! जाते वक़्त आँखों में गिरे तिनके ने थोड़ा परेशां किया वरना ख़ुशी जन्नत सी थी !
थोड़ा अजीब लगा , जब मैंने अपनी पुरानी आदतें तुममे देखी ! बिना खत खोले , खबर जानने की उत्सुकता ! बैठक खाने में रिकार्डिंग और पेन से केप को अलग करके रखना ! मेरी इन्ही आदतों से तुम परेशान थी ना ! फिर ये क्या ....
हमने ज्यादा बात नहीं की ! वक़्त ही नहीं मिला ! या यूँ कहो की , बात करने के लिए वक़्त ही नहीं था ! तुम्हारी आदतों ने , हमारे 29 साल पुराने बहाने को मार दिया ! ये 29 साल , तुमने मुझे अपने करीब रखा और मैंने तुम्हे खुद से अलग !
... शायद इसलिए .... तिनके का बहाना मुझे कुछ जरुरी सा लगा !
जाफर खान
