Friday, December 14, 2018

मुझे माफ करो !! ... it's enough already...


अनचाहे रिश्तों, मुझे माफ़ करो !
बेवजह की जिम्मेदारियों, मुझे माफ़ करो !

मैं मुकरना, ठहरना चाहती हूँ ! 
कुछ रुककर , बिछड़ना चाहती हूँ !! 

ये दौड़ मेरी नहीं , ये मोड़ मेरा नहीं ! 
मेरा सफर कुछ ओर था !
मेरा पहर कुछ ओर था !! 

ए संगदिल ख्वाहिशों , मुझे माफ़ करो ! 
बेमन मुस्कुराहटों , मुझे माफ़ करो !! 

मैं सिसकना, टूटना चाहती हूँ ! 
मैं गिरना , संभलना चाहती हूँ !! 

मैं अपना सफर चाहती हूँ !
मैं अपना पहर चाहती हूँ !! 

मैं बगावत चाहती हूँ ! 
हाँ , मैं अपना सफर चाहती हूँ !! मुझे माफ़ करो !! 

                                               जाफर खान 

Saturday, October 20, 2018

आदत ( Aadat )




















कितने साल गुजर गये हमें मिले हुए ? जून में पूरे 29 साल !! और आज तक ? 29 साल 6 महीने ! तुम्हारे घर के मेहमान खाने में बैठा सोच रहा था, यही बोलूंगा ! पर कुछ बोल ही नहीं पाया ! नज़र तुम पर टिक गयी और जुबां ने साथ ही छोड़ दिया !
                                       
 अजीब माज़रा है! यकीन मानिये , जो लोग मुझे जानते है उन्होंने मुझे खामोश नहीं देखा होगा ! खैर...

एक कप चाय में हुई ये मुलाक़ात बहुत कुछ पीछे छोड़ गई ! जो लोगों से मिलते थे , आज खुद मिल रहे थे ! जाते वक़्त आँखों में गिरे तिनके ने थोड़ा परेशां किया वरना ख़ुशी जन्नत सी थी !

थोड़ा अजीब लगा , जब मैंने अपनी पुरानी आदतें तुममे देखी ! बिना खत खोले , खबर जानने की उत्सुकता ! बैठक खाने में रिकार्डिंग और पेन से केप को अलग करके रखना ! मेरी इन्ही आदतों से तुम परेशान थी ना ! फिर ये क्या ....

हमने ज्यादा बात नहीं की ! वक़्त ही नहीं मिला ! या यूँ कहो की , बात करने के लिए वक़्त ही नहीं था ! तुम्हारी आदतों ने , हमारे  29 साल पुराने बहाने को मार दिया ! ये 29 साल , तुमने मुझे अपने करीब रखा और मैंने तुम्हे खुद से अलग !

... शायद इसलिए ....  तिनके का बहाना मुझे कुछ जरुरी सा लगा !

                                                                                         जाफर खान


Sunday, June 3, 2018

जिद् और सफलता

















हम दोस्तों में एक शख़्स ऐसा भी था जो आगे जाकर एक सफलतम इंसान बना और हमारा गौरव भी !
ये एक सफलता थी या कुछ और , मैं समझ नहीं पाया ! 

                           प्रशांत , जिसको कभी अपने हरपल मैं जिंदगी गुजारनी थी, आज हमसे बहुत अलग खड़ा था ! वह उस मोड पर ही हमसे अलग हो गया था , जिस पल किसी ने उसे सफलता की परिभाषा समझाकर चुनौती दी थी ! 
                           परिवार का मुखिया , २२ साल का नौजवान आज उस दौड़ में शामिल था , जिस दौड़ में उसे ना चाहकर भी जीतना पड़ा ! आखिर क्या चाहता था वह ? दौलत या शोहरत ? जहां तक मुझे याद है ,  वह चंचल , थोड़े से में खुश, आज़ाद परिंदा था , भीड़ से बहुत अलग ! फिर क्यूं किसी के कहने भर से उसने अपने ख़यालो को मात दी और चुनौती को जीत में बदलने की ताउम्र कोशिश की !!

इस तरह खुद को बदलने की वजह किसी का बिछड़ना तो थी, पर बिछड़ने की वजह उसकी जिद्द का असल मूल बनी ! वह चाहकर भी उन बातों से अलग नहीं हो पाया जो किसी के लिए एक बहाना मात्र थी ! इस दौर के नौजवान खुद को सफलता के पिंजरे में कैद करते जा रहे थे , और खुद को तनहा ! वजह जो हो !! 

मैं उससे अपने आखिर दौर में फिर मिला , चूँकि मैं उसके दिल के करीब था उसने मुझसे अपनी अपार सफलता का रहस्य साझा किया ! जिसे सुनकर मेरा दिल अपने दोस्त के लिए बेचैन हो गया, और ना चाहते हुए भी मुझे उसे, उस हालात में छोड़ना पड़ा ! 

वह रहस्य था " नाराजगी "! " जिंदगी से उसकी नाराजगी " !! 

वह आज सफल था !  पर खुश ?  ये मैं नहीं जानता ! 

                                                                  ... जाफर खान